कम निवेश में अधिक लाभ का लालच देकर देहरादून निवासी व्यक्ति से 14 लाख रुपये की साइबर ठगी में उत्तराखंड पुलिस की एसटीएफ ने एक आरोपित को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। उसने पीड़ित को पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर झांसे में लिया था।
पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपित देशभर में करीब 19 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। उसके विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायतें दर्ज हैं। 10 अन्य राज्यों की पुलिस भी उसे तलाश रही थी। एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि इसी वर्ष 22 अगस्त को किशन नगर निवासी सुनील कुमार जैन ने साइबर ठगी की शिकायत की थी। इसमें उन्होंने बताया कि छह अगस्त 202& को उन्हें टेलीग्राम एप पर एक अंजान व्यक्ति का संदेश आया, जिसने प्रतिदिन एक से तीन घंटे काम करने पर 1500 से 2800 रुपये और इससे अधिक काम करने पर 2400 से 4000 रुपये कमाई की बात कही।
सुनील ने आरोपित से संपर्क किया तो उसने खुद को ग्लोबल केपीओ कंपनी का अधिकारी बताकर उसमें निवेश करने पर अधिक लाभ का लालच दिया और उनसे विभिन्न तिथियों में 14 लाख रुपये बैंक खाते में जमा करा लिए। जांच के दौरान पता चला कि उक्त धनराशि ऋतिक सेन निवासी मुकुंदपुरा रोड, जयसिंहपुरा, जयपुर (राजस्थान) के बैंक खाते में गई है। इस पर एक टीम जयपुर भेजी गई, जहां शनिवार को आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

No comments:
Post a Comment