बंगाल के अभिमन्यू ईश्वरन को मौका
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 26 दिसंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है। पहला टेस्ट सेंचुरियन में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट तीन जनवरी से केप टाउन में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका में कभी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। रोहित शर्मा के नेतृत्व में इस बार भारतीय टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। ऋतुराज गायकवाड़ अंगुली में फ्रैक्चर के साथ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए। बीसीसीआई ने शनिवार को इसका आधिकारिक एलान किया है और रिप्लेसमेंट की घोषणा भी कर दी है। ऋतुराज के रिप्लेसमेंट के तौर पर जिस खिलाड़ी को टीम में लाया गया है, वह इंडिया-ए टीम के लिए पहले कप्तान कर चुका है और घरेलू क्रिकेट में उनके नाम काफी रन हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका में ही मौजूद सरफराज खान की एक बार फिर अनदेखी की गई है। ऋतुराज वनडे और टी20, दोनों में डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन टेस्ट में उन्होंने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है। भारत-ए के पूर्व कप्तान अभिमन्यू ईश्वरन को टीम में शामिल किया गया है। ईश्वरन बंगाल की टीम से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उनके पास 88 फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव है और वह पहले भी टीम इंडिया में शामिल हो चुके हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका नहीं मिला है। ईश्वरन ने इंडिया-ए की काफी समय तक कप्तानी की है। जानकारी के मुताबिक सरफराज खान के भी टीम में शामिल होने की बात चल रही थी। मुंबई के इस बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट में काफी शानदार प्रदर्शन किया है और रणजी ट्रॉफी में खूब रन बनाए हैं। सरफराज फिलहाल इंडिया-ए टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका में हैं और भारत की सीनियर टीम के साथ इंट्रा स्क्वॉड प्रैक्टिस मैच खेल रहे हैं। उन्होंने प्रैक्टिस मैच में शतक भी जड़ा है।

No comments:
Post a Comment