नए वीसी के लिए तैयार है भर्ती घोटाले की अग्नि परीक्षा - दा त्रिकाल

Breaking

World

Thursday, December 21, 2023

नए वीसी के लिए तैयार है भर्ती घोटाले की अग्नि परीक्षा



रानी दुर्गावती विवि जबलपुर के प्रो.मिश्र की विदाई, इंदौर के राजेश वर्मा संभालेंगे कुलपति का कार्यभार

रानी दुर्गावती विवि के नए कुलपति बनाए गए राजेश वर्मा के लिए राह बहुत आसान नहीं है। उन्हें सबसे पहले कथित भर्ती घोटाले की अग्नि परीक्षा का सामना करना पड़ेगा। इस भर्ती के बाद से रादुविवि की गरिमा और विश्वसनीयता को जिस तरह से ठेस लगी है,उसे फिर से स्थापित करना भी बड़ी चुनौती होगी। हालाकि, ये तो शुरुआत होगी। जैसे-जैसे श्री वर्मा आगे बढ़ेंगे,उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। चुनौतियों को नए कुलपति कैसे हैंडल करते हैं, इसी से तय होगा कि उनकी प्रशासनिक क्षमता कितनी है और वे दबाव झेलने में दक्ष हैं या फिर घुटने टेक देंगे।

-घोटाला क्या है
रानी दुर्गावती विवि प्रशासन द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोफेसर के पदों पर सौ से ज्यादा भर्तियां की हैं। आरोप है कि इन भर्तियों में रोस्टर की धज्जियां उड़ा दी गयी हैं। एक बार विज्ञापन जारी होने के बाद नियम-शर्तों में बार-बार बदलाव किया गया, जो नियमों के विपरीत है। निवर्तमान कुलपति कपिल देव मिश्र के कार्यकाल में हुआ ये घोटाला सुर्खियों में खूब रहा,लेकिन कुलपति श्री मिश्र के कुशल प्रबंधन के कारण कुछ हो नहीं सका। नए कुलपति से उम्मीदें जतायी जा रही हैं। इतना बड़ा गोलमाल होने के बाद भी प्रो.मिश्र अब तक बेदाग हैं।

-वीसी को दिखाना होगा पॉवर
रानी दुर्गावती विवि के नए कुलपति को दिखाना होगा कि वीसी का पॉवर क्या होता है। ये कुर्सी शैक्षणिक हितों के लिए है, न कि किसी प्रायवेट कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करने के लिए। बीते आठ सालों में रादुविवि की साख को बुरी तरह से बट्टा लग चुका है। नैक के निरीक्षण की तैयारियां की जा रही हैं। वर्तमान में रादुविवि के पास बेहतर ग्रेड नहीं है। वक्त पर रिजल्ट नहीं आ रहे हैं और रोज-ब-रोज छात्रों की नई परेशानियां सामने आ रही हैं। जिस तरह से विवि में कर्मचारियों का रौब चल रहा है, उसे रोकना भी नए कुलपति के लिए संघर्षमय होगा,लेकिन देखना होगा कि नए कुलपति कौन सा रास्ता अख्तियार करते हैं।

-कौन हैं राजेश वर्मा
रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी के नए कुलपति इंदौर के प्रो.राजेश हैं। राज्यपाल और कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने आगामी चार वर्षों के लिए प्रो.राजेश वर्मा को जबलपुर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। राजेश कुमार वर्मा इंदौर के शासकीय अटल बिहारी बाजपेयी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में वाणिज्य के प्राध्यापक है। 30 नवंबर को रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो.कपिल देव मिश्र का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है। कपिल देव दो कार्यकाल तक रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के बतौर कुलपति पूरे किए हैं।

-हर कमी पर ध्यान देंगे
प्रोफेसर राजेश वर्मा ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अमल पर उनक जोर रहेगा। प्रो.राजेश कुमार वर्मा का विश्वविद्यालय के सर्वागीण विकास पर फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को ऊंचाईयों पर पहुंचाने का प्रयास होगा। प्रोफेसर राजेश कुमार वर्मा का कहना है कि नई शिक्षा नीति को सही तरीके से लागू किया जाए इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ये नीति छात्रों के लिए बहुउपयोगी है। इसके अलावा छात्र हित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वे जल्द विश्वविद्यालय में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

No comments:

Post a Comment