ऋजु बाफना बनीं शाजापुर कलेक्टर
हिट एंड रन कानून को लेकर प्रदर्शन करने वाले ड्राइवर को औकात बताने वाले शाजापुर कलेक्टर किशोर कन्याल पर मोहन यादव सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। सीएम मोहन यादव ने किशोर कन्याल को हटाने के निर्देश जारी कर दिए। डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शाजापुर में ट्रक ड्राइवरों और प्रशासन के बीच हुई बैठक के दौरान अफसरों द्वारा जिन शब्दों का उपयोग किया गया, उसकी वह निंदा करते हैं। अफसरों की गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को गरीबों के काम और भाव दोनों का सम्मान करना चाहिए। मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि उनके ध्यान में यह बात लाया गया कि शाजापुर ट्रक ड्राइवर और जिला प्रशासन की बैठक में कलेक्टर द्वारा इस तरह की भाषा बोली गई थी। एक अधिकारी को इस तरह की भाषा बोलना उचित नहीं है। खासकर यह सरकार तो गरीबों की सरकार है।-आखिर क्या है पूरा मामला?
बता दें कि मंगलवार शाजापुर कलेक्ट्रेट में हड़ताल के चलते बने हालात से निपटने और वाहन चालकों से चर्चा करने के लिए बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में वाहन चालक ने कलेक्टर से कहा कि तीन दिन हमारी हड़ताल है, इसके बाद हम कुछ भी करेंगे। वाहन चालक की इस बात पर कलेक्टर किशोर भड़क उठे। कलेक्टर ने कहा कि फालतू बात मत करना यहां पर। क्या करोगे क्या औकात है तुम्हारी। कोई कानून को अपने हाथ में लेगा। यह बात समझ लीजिये। ड्राइवर बोला कि हमारी यही तो लड़ाई है कि हमारी कोई औकात नहीं है।
ऋजु बाफना बनीं शाजापुर के नए कलेक्टर
मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी करते हुए ऋजु बाफना को शाजापुर का नया कलेक्टर बनाया है। ऋजु बाफना इससे पहले नरसिंहपुर के कलेक्टर थे। उन्हें किशोर कुमार कान्याल की जगह शाजापुर का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं किशोर कुमार कन्याल को मंत्रालय भेजा गया है।

No comments:
Post a Comment