आयोध्या को लेकर पाकिस्तान की टिप्पणी पर सीएम मोहन ने दिया बड़ा बयान
पाकिस्तान की बौखलाहट पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लाख आपत्ति जताए, लेकिन विस्थापित शरणार्थियों के आने के पहले अखंड भारत ही था। अतीत के अखंड भारत के हिस्से को लेकर आज भी पंजाब, सिंध, गुजरात, मराठा हमारे राष्ट्रगान में है। इसे हटा नहीं सकते हैं।सीएम मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। अखंड भारत का सपना हजार साल का रहा है, किसी की आपत्ति से यह बात समाप्त नहीं होगी। वह अपनी जगह स्थिर रहेगी। दरअसल, एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान से पाकिस्तान बौखला गया है। पाक विदेश मंत्रालय ने सीएम के अखंड भारत वाले बयान को लेकर प्रेस रिलीज जारी किया है। पाकिस्तान ने ध्वस्त बाबरी मस्जिद स्थल पर राम मंदिर के निर्माण की निंदा की है।
पाकिस्तान ने प्रेस रिलीज कर जताई आपत्ति-
पाकिस्तान ने प्रेस रिलीज में कहा कि पाकिस्तान भारतीय शहर अयोध्या में ध्वस्त बाबरी मस्जिद के स्थान पर 'राम मंदिर' के निर्माण और अभिषेक की निंदा करता है। सदियों पुरानी मस्जिद को 6 दिसंबर 1992 को चरमपंथियों की भीड़ ने ध्वस्त कर दिया था। अफसोस की बात है कि भारत की सर्वोच्च न्यायपालिका ने न केवल इस घृणित कृत्य के लिए जिम्मेदार अपराधियों को बरी कर दिया, बल्कि ध्वस्त मस्जिद के स्थान पर एक मंदिर के निर्माण की भी अनुमति दे दी। भारत में 'हिंदुत्व' विचारधारा का बढ़ता ज्वार धार्मिक सद्भाव और क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा है। भारत के दो प्रमुख राज्यों, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, के मुख्यमंत्रियों ने बाबरी मस्जिद के विध्वंस या 'राम मंदिर' के उद्घाटन को पाकिस्तान के कुछ हिस्सों को पुन: प्राप्त करने की दिशा में पहला कदम बताया है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को भारत में बढ़ते इस्लामोफोबिया, घृणा भाषण और घृणा अपराधों पर संज्ञान लेना चाहिए।
सीएम के इस बयान से मची खलबली-
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव ने कहा था कि रामराज्य के प्राकट्य का पहला चरण है। अखंड भारत फिर बनेगा। अफगानिस्तान तक अखंड भारत होगा। राम मंदिर निर्माण इसका पहला चरण है। हमारा समय खराब था तो आक्रान्ताओं ने छिन्न भिन्न किया। आराध्य का मंदिर दुश्मनों की आंखों में खटकता था। समय खराब था आततायियों ने हमारे हाथ से वो छीना, लेकिन अब फिर से अखंड भारत बनेगा।

No comments:
Post a Comment