पड़ोसियों का विवाद या चुनावी रंजिश - दा त्रिकाल

Breaking

World

Saturday, November 18, 2023

पड़ोसियों का विवाद या चुनावी रंजिश

पूर्व पार्षद नरेंद्र पांधे  के साथ मारपीट, वीडियो वायरल, गढ़ा थाने में एफआईआर 


जबलपुर में शुक्रवार की शाम को जब मतदान आखिरी चरण में था, तब खबर आई कि पश्चिम विधानसभा में गुरुद्वारे के पास पूर्व पार्षद नरिंदर पांधे के साथ कतिपय तत्वों ने मारपीट कर दी। खबर ठीक से फैल पाती, इससे पहले घटना का वीडियो वायरल हो गया। जिसने भी वीडियो देखा सभी को आश्चर्य हुआ कि आखिर श्री पांधे को चलती गाड़ी से गिराकर क्यों पीटा जा रहा है। कुछ लोगों ने इस चुनाव से भी जोड़कर देखा,लेकिन पुख्ता सिरा किसी को पकड़ में नहीं आया। फिलहाल, ये सामने आया है कि पांधे परिवार का उनके पड़ौसियों से कुछ विवाद हो गया था, उसी वजह से ये नौबत आई। हालांकि कुछ लोगों का दावा है कि ये रंजिश चुनावी है,क्योंकि पड़ोसियों का विवाद मतदान वाले दिन ही सामने आये, ऐसा होना संभव नहीं है। बहरहाल गढ़ा पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला कायम कर जांच-पड़ताल शुरु कर दी है।

-मंडल अध्यक्ष और पुलिस में तनातनी
जबलपुर पश्चिम विधानसभा में दोपहर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना हितकारिणी स्कूल बीटी तिराहा मतदान केंद्र के पास हुई है। भाजपा नेता का आरोप है कि हम लोग सड़क किनारे खड़े थे। उसी समय पुलिस आई और हम लोगों को भगाने लगी। इसके बाद भाजपा नेताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। इस विवाद में पूर्व मंडल अध्यक्ष के हाथ पर चोट लगी है। कहा जा रहा है कि इस मामले में पुलिस और भाजपा संगठन के बची अभी और बढ़ेगी।

No comments:

Post a Comment