सीआईडी फेम फ्रेड्रिक्स उर्फ दिनेश फडनिस का निधन - दा त्रिकाल

Breaking

World

Tuesday, December 5, 2023

सीआईडी फेम फ्रेड्रिक्स उर्फ दिनेश फडनिस का निधन


लोकप्रिय क्राइम शो सीआईडी में फ्रेड्रिक्स का किरदार निभाने वाले दिनेश फडनिस का कल रात चार दिसंबर को निधन हो गया। जिंदगी और मौत से जूझ रहे अभिनेता की कल रात करीब 12 बजे मौत हो गई। उन्हें मुंबई के तुंगा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अभिनेता के निधन के बाद से इंडस्ट्री में गम का माहौल है।

अभिनेता का अंतिम संस्कार आज यानी पांच दिसंबर को होगा। अभिनेता का अंतिम संस्कार अब दौलत नगर श्मशान, बोरीवली पूर्व में किया जाएगा। सबसे लंबे समय तक चलने वाले शो 'सीआईडी' की पूरी स्टार कास्ट इस समय उनके आवास पर है। वे परिवार के साथ संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। दिनेश की हालत गंभीर थी और वे अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। वे लीवर डैमेज से लड़ाई लड़ रहे थे। इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि अभिनेता को दिल का दौरा पड़ा है, जिसे दयानंद शेट्टी ने खारिज कर दिया था।

इस वजह से अस्पताल में भर्ती थे अभिनेता
दिनेश को दिल का दौरा पड़ने की खबर को खारिज करते हुए दयानंद शेट्टी ने कहा था, दिनेश फडनिस अस्पताल में भर्ती हैं और वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। उन्हें दिल का दौरा नहीं पड़ा है। यह एक अलग इलाज है और मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा। बता दें कि दयानंद शेट्टी ने शो में सीनियर इंस्पेक्टर दया की भूमिका निभाई थी। अपने सह-कलाकार की मौत से दयानंद भी टूट चुके हैं।

कई शोज का हिस्सा रहे अभिनेता
दिनेश लंबे समय तक चलने वाले टीवी शो सीआईडी का हिस्सा थे, जो पहली बार 1998 में प्रसारित हुआ और सोनी टीवी पर बीस साल तक चला। उन्होंने लोकप्रिय सिटकॉम तारक मेहता का उल्टा चश्मा में भी उपस्थिति दर्ज कराई और सुपर-30 और सरफरोश जैसी फिल्मों में सहायक भूमिकाएं निभाई थी। वे सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते थे।

No comments:

Post a Comment