सोनिया गांधी और राहुल के साथ कई बड़े नेता होंगे शामिल
कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 28 दिसंबर को होने वाली रैली के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। हैं तैयार हम थीम पर आयोजित इस रैली में पांच लाख से अधिक लोगों को एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है।इसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले और अन्य नेताओं ने तैयारियों की समीक्षा करने के बाद कहा कि ऐतिहासिक शहर नागपुर में मेगा रैली के लिए मंच तैयार है। पटोले ने मीडिया से कहा कि विशाल रैली को लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। आयोजन स्थल का नाम भारत जोड़ो मैदान रखा जा रहा है। उन्होंने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी की अनदेखी करने के लिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पटोले ने कहा कि इन मुद्दों को हल करने पर ध्यान केंद्रित करने की बजाय भाजपा सरकार देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए खतरा पैदा करते हुए सामाजिक और धार्मिक विभाजन पैदा करने में व्यस्त है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस की है।

No comments:
Post a Comment