जल्द होगा सीटों के बंटवारा - दा त्रिकाल

Breaking

World

Thursday, January 18, 2024

जल्द होगा सीटों के बंटवारा

जबलपुर प्रवास के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा...

जबलपुर। 

आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर इंडिया गठबंधन के बैनर तले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की महत्वपूर्ण चर्चा होनी है जिसमें सीटों का बंटवारा तय होगा। ये बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जबलपुर प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान कही।

देश के संविधान पुस्तक का कवर पेज डिजाइन करने वाले जबलपुर निवासी स्व. व्यौहार राम मनोहर सिन्हा के निवास पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन में कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा। अच्छे ढंग से सीटों के बंटवारे का भरोसा जताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के तमाम सहयोगी दल एकजुट होकर उत्तर प्रदेश में बीजेपी का मुकाबला करेंगे और हराएंगे।

पुरानी बातें छोड़ो-
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस और सपा के बीच बनी दूरियों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पुरानी बातों को छोड़ो, फिलहाल हम सब साथ हैं, आगे की लड़ाई कैसे एकजुट होकर लड़ें इस पर सभी मंथन कर रहे हैं। गठबंधन से सभी सहयोगी दल एक दूसरे के साथ तालमेल मिलाकर काम कर रहे हैं।

22 जनवरी अच्छा दिन-
आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि 22 जनवरी का दिन अच्छा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जो लोग इतना प्रचार कर रहे हैं वो रामराज्य के बारे में भी विचार करेंगे। उन्होंने बेबाकी से कहा कि रामराज्य वही माना जाएगा जो हमारे संविधान के हिसाब से चलेगा।

सपा नेता ने कहा कि संविधान में पहले से आखिरी पेज को देखेंगे तो हमें राम मनोहर दिखाई देगा, यू कहें कि संविधान की आत्मा में राम दिखाई देते हैं। आज जरूरत है कि देश संविधान के मुताबिक चले। जिनको हक और सम्मान मिलना चाहिए, उन्हें नहीं मिला, उन्हे अधिकार मिलना चाहिए।

इस घर में इतिहास छिपा-
स्व. व्यौहार राम मनोहर सिन्हा के बारे में जानकारी देते हुए सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि आज एक ऐसे परिवार से मिलने का मौका मिला, जिस परिवार के घर में इतिहास छिपा है। देश के बड़े बड़े महापुरुष यहां आए और इस जगह से संबंध रहा है। उन्होंने ये भी स्वीकारा कि मैं खुद इस जानकारी के लिए नया हूं कि हर पेज पर राम मनोहर लिखा हुआ दिखाई देता है। अब शायद देश जानेगा ये बात कि संविधान कितना जरूरी है और उसमें कही कई बेशकीमती बातों को समझना कितना जरूरी है।

हम निराश नहीं-
चुनाव परिणामों को लेकर सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनावों के परिणामों से निराश नहीं है। आने वाले समय में सपा काम करेगी और अपनी नीतियों और कार्यक्रमों को लेकर जनता के बीच उतरेगी। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में सपा मुख्य भूमिका में है, उसी तरह मध्य प्रदेश में भी अपने विचार और कार्यक्रमों को लेकर जनता के बीच पहुंचेगी और ताकत के साथ उभरोगी।

No comments:

Post a Comment