घटना में 7 से 8 युवकों के शामिल होने की शंका, तीन गिरफ्तार
झारखंड के दुमका में विदेशी महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला पर्यटक स्पेन की है। घटना शुक्रवार रात रांची से 300 किमी दूर हंसडीहा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कुरुमाहत में हुई। महिला पर्यटक अपने साथी के साथ एक टेंट में रुकी थी।एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में 7 से 8 युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है। तीन लोगों के गिरफ़्तारी भी हो चुकी है, बाकी लोगों की तलाश जारी है। पीड़िता को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्पैनिश जोड़ा टू-व्हीलर पर बांग्लादेश से झारखंड के दुमका पहुंचा था। यहां से उन्हें बिहार और फिर नेपाल जाना था।
क्या बोले नेता और अधिकारी-
इस मामले की शिकायत दर्ज कराने पर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक अनुकरण पूर्ति ने बताया, इस केस में उनका बयान है कि उनके साथ बुरा बर्ताव हुआ है। उनकी स्थिति अभी स्थिर है और उनकी जान को किसी प्रकार का खतरा नहीं है। मामले की जांच चल रही है। मेडिकल जांच भी की जा रही है। झारखंड सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस मामले पर कहा है कि यह तथ्यात्मक तौर पर कितना सही है, इसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है। हालांकि, गलत काम करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। चाहे फिर वह हमारी भारतीय बहन के साथ हो या विदेशी बहन के साथ।
भाजपा विधायक अनंत ओझा ने इस घटना पर चंपई सोरेन सरकार को घेरते हुए कहा कि यह राज्य की छवि पर दाग है। यह राज्य में खराब होती कानून व्यवस्था दिखाता है, जहा विदेशी तक असुरक्षित हैं। पुलिस को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और सरकार को भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। हैरानी वाली बात यह है कि यह घटना झारखंड में उस वक्त हुई, जब राज्य में खुद पीएम मोदी मौजूद थे। उन्होंने झारखंड की कानून व्यवस्था को लेकर चंपई सोरेन सरकार को घेरा भी था।

No comments:
Post a Comment