आज शाम के बाद थम जाएगा शोर-शराबा, मोबाइल फोन से संपर्क साधेंगे प्रत्याशी कार्यकर्ता, बिगड़े समीकरण बनाने होगी कवायद
पूरे प्रदेश में विधानसभा चुनाव का शोर बुधवार शाम 6 बजे थम जाएगा। इसके साथ ही पहले से जारी सारी परमिशन निरस्त हो जाएंगी। न चुनावी जुलूस निकलेंगे, न धरना, रैली या सभाएं होंगी। बाहरी लोगों के रुकने पर भी रोक रहेगी। शहर की सीमाओं पर चेकिंग भी होगी। ताकि, गड़बड़ी करने वालों को सख्ती से रोका जा सके। शाम से ही जिले की सभी शराब की दुकानें भी मतदान समाप्ति तक बंद हो जाएंगी। प्रशासन की टीमें मैदान में उतरेगी, और आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगी। 17 नवंबर की सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
बाहरी लोग नहीं रुकेंगे-
पूरे प्रदेश की तरह जबलपुर में भी शाम 6 बजे से ही चुनावी शोर थम जाएगा। इसके बाद कोई भी प्रत्याशी न तो जुलूस-रैली निकाल सकेगा और न ही सभा कर सकेगा। बिना शोर-शराबे के घर-घर जाकर मतदाताओं से व्यक्तिगत मिल सकेगा। होटल, धर्मशालाओं में बाहरी लोगों के रुकने पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस चेकिंग करेगी। बिना किसी वैध कारणों के बाहरी लोग नहीं रुक पाएंगे।
-शहरी सीमाएं सील होंगी
जिले की सीमाओं को सील कर दिया जाएगा। यहां पर पुलिस सख्ती से गाड़ियों को रोककर चेकिंग करेगी। ताकि, यदि कोई आचार संहिता का उल्लंघन कर रहा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।
-प्रलोभन पर प्रशासन की नजर
प्रचार थमने के बाद अब प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है वोटरों को प्रत्याशियों द्वारा दिया जाने वाला प्रलोभन। प्रशासन ने टीमें बना दी हैं,जो अगले 48 घंटे तक फील्ड पर रहेंगी और प्रलोभन देने वालों पर सख्त नजर रखेंगी। सूत्रों का कहना है कि अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से रुपये और शराब बांटने की शिकायतें आ रही हैं। इन सभी पर क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

No comments:
Post a Comment